सोनभद्र। सहायक आयुक्त सहकारिता देवेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर नगवां ब्लॉक के वैनी शाखा में नौडीहा बी-पैक्स में गबन के मामले की जांच तेज कर दी गई है। एडीसीओ सदर अवधेश सिंह ने बुधवार को शाखा पहुंचकर समिति के अभिलेखों की जांच की और अधिकारियों के साथ पार्किंग एकाउंट का परीक्षण किया। जांच के दौरान पूर्व सचिव सूचना के बाद भी उपस्थित नहीं हुए।
वर्तमान सचिव वकालत हुसैन, संदीप सिंह तथा समिति अध्यक्ष बद्री सिंह ने अभिलेख प्रस्तुत किए। एडीसीओ सदर ने बताया कि गबन की धनराशि ब्याज सहित जमा करने के लिए पूर्व सचिव को कई बार नोटिस दिया जा चुका है। यदि एक सप्ताह के भीतर पूरी धनराशि ब्याज सहित जमा नहीं की गई, तो कर्मचारी के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। इस दौरान नगवां ब्लॉक की चयनित बी-पैक्स समितियों के पार्किंग फंड के शाखा प्रबंधक और सचिवों के साथ समीक्षा की गई। एडीसीओ ने संबंधितों को निर्देश दिया कि शुक्रवार को विकास भवन स्थित सहकारिता कार्यालय में बैठक में उपस्थित होकर पार्किंग एकाउंट के परीक्षण की प्रक्रिया पूरी करें। इस दौरान शाखा प्रबंधक हुकुम सिंह, सचिव अंतिमा भारती, उदय शंकर, वकालत हुसैन, संदीप सिंह तथा अमीन ऋषि सिंह आदि मौजूद रहे।