कोन। स्थानीय थाना क्षेत्र के रामगढ़ में बुधवार की देर शाम तेज गरज तड़क के साथ गिरी बिजली की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई। वहीं बिजली की चपेट में आकर झुलसे व्यक्ति का उपचार करके छुट्टी दे दी गई।
ग्राम प्रधान कमला प्रसाद के अनुसार रामगढ़ निवासी राहुल कुमार (14) पुत्र भोला और रामनाथ (42) पुत्र बसंतलाल बुधवार की शाम को खेत की तरफ धान की रोपाई कराने गए थे। देर शाम करीब सात बजे तेज गरज के साथ बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए राहुल खेत में स्थित आम के पेड़ के नीचे छिप गया। इसी दौरान बिजली गिरी और राहुल गंभीर रूप से झुलस गया। बिजली की चपेट में आने से कुछ दूरी पर खड़े रामनाथ भी झुलस गए। लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टर ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं रामनाथ का उपचार करके छुट्टी दे दी गई। प्रधान ने बताया कि रात 11.30 बजे घटना की जानकारी होने पर पुलिस व लेखपाल को सूचना दी गई। वहीं इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष लल्लन यादव का कहना है कि बिजली गिरने से एक बालक की मौत हुई है। जिसकी सूचना देर रात मिली। शव को पीएम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दुध्दी भेज दिया गया।