म्योरपुर थाना क्षेत्र के धनखोर गांव निवासी दो सगे भाइयों के संदिब्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। एक माह पूर्व गायब बड़े भाई का जहां अब तक पता नहीं चल सका है तो वहीं दूसरी ओर स्कूल के लिए निकला छोटा भाई भी घर नहीं पहुंचा। पुलिस ने छोटे भाई के अपहरण के आरोप में केस दर्ज किया है।
धनखोर गांव निवासी विश्वनाथ सोनी के दो बेटे हैं। उनका बड़ा बेटा राहुल सोनी 24 अंबिकापुर से पढ़ाई पूरी करने के बाद घर पर ही रहता था।
जबकि उनका छोटा बेटा लीलासी स्थित एक निजी काॅलेज में कक्षा 10 वीं का छात्र है। 29 अक्तूबर की दोपहर तीन बजे के करीब घर से टहलने के लिए गांव में गया था। इसके बाद से उसका पता नहीं। परिजन उसकी खोजबीन में जुटे थे। इस बीच 22 नवंबर को विश्वनाथ सोनी का दसवीं में पढ़ने वाला छोटा बेटा दीपूंज सोनी (17) भी लापता हो गया।
वह लीलासी स्थित अपने स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, मगर न स्कूल पहुंचा और न ही घर आया। परिजनों ने छोटे बेटे काफी खोजबीन किया, लेकिन उसका भी कहीं पता नहीं चल सका। पीड़ित विश्वनाथ सोनी की तहरीर पर पुलिस ने छोटे बेटे के अपहरण के आरोप में अज्ञात व्यक्ति पर केस दर्ज किया है। दो बेटों के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चार भाई बहन हैं
विश्वनाथ सोनी को दो बेटे और दो बेटियां है। छोटा बेटा दीपूंज सोनी के साथ ही उसकी बहन भी लीलासी स्थित इंटर काॅलेज में कक्षा दस में ही पढ़ती है। दीपूंज रोजाना उसके साथ ही घर आता था, मगर उस दिन उसका कहीं पता नहीं चला। विश्वनाथ सोनी ने बताया कि दोनों का घर में कोई विवाद भी नहीं हुआ और न ही वे किसी बात हो लेकर नाराज ही थे।