बभनी। स्थानीय थाना क्षेत्र के चपकी गांव में शराब के नशे में पत्नी की हत्या करने वाले पति को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद कोर्ट से उसका चालान कर दिया गया। वहीं, तेलजर गांव में पत्नी की हत्या करने के आरोपी पति की तलाश चल रही है।
चपकी गांव में रविवार की रात शंकर ने नशे की हालत में पत्नी उर्मिला की लात-घूसों से पिटाई कर दी। उसे कमरे में बंद कर चला गया। सुबह घर लौटा तो पत्नी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसने थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी घटना तेलजर गांव में हुई थी। बबलू ने नशे में धुत होकर फूलमति (40) की लात-घूसों से पिटाई की थी।
गंभीर रूप से घायल फूलमती को आरोपी पति अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। इस बाबत एएसपी (ऑपरेशन) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि दोनों मामलों में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। चपकी गांव के आरोपी शंकर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तेलजर मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।