राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को सीडीओ ने विभिन्न अफसरों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। अफसरों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपते हुए उसे पूरा करने का निर्देश दिया।
बभनी ब्लाक के सेवा समर्पण संस्थान सेवाकुंज आश्रम कारीडांड़ चपकी में राज्यपाल का आगमन 18-19 मई को संभावित है। राजभवन से इसका संकेत मिलने के बाद से प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सोमवार की देर शाम सीडीओ कई अफसरों के साथ सेवाकुंज आश्रम पहुंच गए थे। मंगलवार को विकास भवन परिसर में उन्होंने बैठक लेकर अफसरों को जिम्मेदारी सौंपी। सीडीओ ने हेलीपैड व आसपास साफ-सफाई, आश्रम परिसर में अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के प्रबंध करने, आश्रम समीप स्थित तालाब के सुंदरीकरण आदि का कार्य कराने के लिए अफसरों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि मीटिंग हाल, अतिथि कक्ष के साथ ही अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देेशित किया कि आश्रम परिसर में तैयारियों के संबंध में की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लगातार लेते रहें। बैठक में एडीएम नमामि गंगे आशुतोष दुबे, डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी, एसडीएम शैलेंद्र मिश्रा, उप निदेशक कृषि एके गुप्ता, सीएमओ डॉ. आरएस ठाकुर, डीपीओ अजीत सिंह, डीपीआरओ विशाल सिंह, पुनीत टंडन आदि मौजूद रहे।
कृषि विज्ञान केंद्र का हो सकता है शिलान्यास
राज्यपाल के आगमन के दौरान जिले में कृषि विज्ञान केंद्र के नए भवन का शिलान्यास भी संभावित है। वाराणसी-शक्तिनगर हाइवे पर मंगुराही में इसके लिए जमीन चिह्नित की जा चुकी है। इस भूमि पर कृषि विज्ञान केंद्र और मोटा अनाज के लिए एक्सीलेंस सेंटर बनाने की सहमति भी मिल चुकी है। अब इसका शिलान्यास होना है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के हाथों इसका शिलान्यास संभावित है। पुलिस, प्रशासन व कृषि विभाग के अफसर इसकी तैयारियों में जुट गए हैं। हालांकि अभी विस्तृत कार्यक्रम आने का इंतजार है।