सोनभद्र। जबलपुर से सिंगरौली और सिंगरौली से जबलपुर के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन के यात्री जल्द ही आईसीएफ कोच के स्थान पर अत्याधुनिक एलएचबी कोच में सफर कर सकेंगे। इसको लेकर रेलवे तैयारी कर रहा है।
वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, धनबाद एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मोहम्मद इकबाल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के मद्देनजर उनके सुगम आवागमन के लिए 12 जुलाई से जबलपुर से खुलने वाली गाड़ी संख्या 11651 जबलपुर- सिंगरौली एक्सप्रेस ट्रेन और एवं 13 जुलाई से सिंगरौली से खुलने वाली गाड़ी संख्या 11652 सिंगरौली-जबलपुर एक्सप्रेस का परिचालन आईसीएफ कोच के स्थान पर अत्याधुनिक एलएचबी कोच से किया जाएगा। बताया कि गाड़ी संख्या 11651/11652 जबलपुर-सिंगरौली-जबलपुर एक्सप्रेस में साधारण श्रेणी के 10 कोच, गैर-वातानुकूलित कुर्सीयान के सात कोच, तृतीय श्रेणी वातानुकूलित के एक कोच, वातानुकूलित कुर्सीयान के एक एवं शयनयान श्रेणी के एक कोच होंगे। एलएचबी कोच यात्रियों को अपेक्षाकृत अधिक आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान कराता है। बताया कि स्टेनलेस स्टील से निर्मित बेहतर आंतरिक सज्जायुक्त उच्च गति क्षमता वाले अत्याधुनिक एलएचबी कोच आईसीएफ कोच की तुलना में वजन में हल्के और मजबूत होते है। कोचों में आधुनिक सीबीसी कपलिंग लगे होने से संरक्षा में वृद्धि होती है। एंटी क्लाइम्बिंग विशेषताएं दुर्घटनाओं के दौरान उन्हें एक-दूसरे पर चढ़ने से रोकती है। कोच बेहतर ब्रेकिंग सिस्टम व सस्पेंशन के साथ बेहतर आंतरिक सज्जा व शौचालय युक्त होते है। फलस्वरूप एलएचबी कोच युक्त ट्रेनों से यात्रा अपेक्षाकृत अधिक संरक्षित, सुरक्षित व आरामदायक होती है।