सोनभद्र। दुद्धी से भाजपा विधायक रामदुलार गोंड पर लगे दुष्कर्म के मामले में सोमवार को सुनवाई नहीं हो पाई। एमपी-एमएलए कोर्ट रिक्त होने के कारण 14 दिसंबर की अगली तिथि नियत की गई है। इस बीच विधायक ने कोर्ट परिसर पहुंच अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
रामदुलार गोंड पर आठ साल पूर्व मुकदमा दर्ज हुआ था। तब वह विधायक नहीं थे। अब यह मामला एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहा है। जिले में एमपी-एमएलए की एक कोर्ट है। इसके पीठासीन अधिकारी एडीजे प्रथम खलीकुज्जमा ने सुनवाई पूरी कर ली थी। बस फैसला आना था। हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद 18 अक्तूबर को कोर्ट ने मामले में अगली सुनवाई 20 नवंबर को तय की थी। इससे पहले ही प्रधान न्यायाधीश मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण सोनभद्र के रुप में उनकी पदोन्नति हो गई। इसके चलते एमपी-एमएलए कोर्ट रिक्त हो गया है। इस कारण सोमवार को विधायक के मामले में कोई सुनवाई नहीं हुई। अब अगली तिथि 14 दिसंबर तय की गई है।