किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चार टीमों ने बुधवार को जांच की। इस दौरान खाद बेचने में गड़बड़ी पर एक समिति सहित तीन दुकान संचालकों को नोटिस दिया गया और छह नमूने लिए गए।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. हरिकृष्ण मिश्र एवं एआर कोऑपरेटिव देवेंद्र प्रताप सिंह ने घोरावल तहसील की साधन सहकारी समितियों एवं निजी खाद विक्रेताओं की दुकानों पर छापे मारे।
साधन सहकारी समिति लोहांड़ी के प्रो. घनश्याम सिंह को समिति में अनाधिकृत रूप से अन्य कंपनियों के उत्पाद बेचने, अभिलेखों का रख रखाव ठीक न रखने, किसानों को बिल न देने पर नोटिस जारी किया गया।
वहीं में. सिंह खाद भंडार शाहगंज प्रो. विनोद सिंह एवं में. न्यू किसान खाद भंडार प्रो. प्रदीप पांडेय को पॉस मशीन से खाद न बेचने, रेट सूची न प्रदर्शित करने, किसानों को बिल न देने के कारण नोटिस जारी किया गया है।
इस प्रकार संदिग्ध प्रतीत होने पर कुल छह नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजा गया। खाद विक्रेताओं को चेतावनी जारी करते हुए निर्देशित किया कि किसानों को उचित दर पर खाद एवं कृषि रक्षा रसायन उपलब्ध कराएं।
किसानों को कैश मेमो अनिवार्य रूप से प्रदान करें। किसानों का शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों से भी अपील की कि खड़ी फसल में डीएपी का प्रयोग निरर्थक है, किसान इससे बचें।