चतरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत कुसम्हां के पंचायत भवन का निरीक्षण करते सीडीओ डॉ.अमित पाल शर्मा।
- फोटो : SONBHADRA
सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा ने मंगलवार को चतरा ब्लाक के कुसम्हा गांव में नर्सरी निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मनरेगा कार्यों में खामियों पर चतरा एपीओ को चेतावनी देते हुए नोटिस जारी तीन दिनों में स्पष्टीकरण तलब किया है।
मनरेगा के अंतर्गत नर्सरी निर्माण कार्य महेश्वर आजीविका समूह के माध्यम से कराया जा रहा है। मौके पर सीआईबी न पाने पर एपीओ चतरा को चेतावनी देते हुए उपायुक्त श्रमरोजगार को निर्देशित किया कि स्पष्टीकरण प्राप्त कर तीन दिन में प्रस्तुत करें। मौके पर 18 श्रमिक कार्यरत थे और एक महिला मेठ भी नियोजित थी। निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह के अंदर नर्सरी में समस्त कार्य पूर्ण कर बीज रोपण का कार्य प्रारंभ कराने को कहा। ताकि आगामी वृक्षारोपण सत्र में पौधों की आपूर्ति इस नर्सरी से ली जा सके एवं आजीविका समूह की आय में वृद्धि करते हुए उसे आर्थिक रूप से सशक्त किया जा सके। प्राथमिक पाठशाला कुसम्हा में 170 बच्चे पंजीकृत हैं। इसके सापेक्ष मंगलवार को 77 बच्चे उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापक रीता सिंह अवकाश पर थीं। मौके पर उपस्थित सचिव राजेश कुमार को निर्देशित किया गया कि विद्यालय परिसर में मल्टीपल हैंडवॉश सिस्टम डायनिंग शेड, बच्चों को खेलने के लिए झूला व अन्य उपकरण लगवाना सुनिश्चित करें। कहा कि एक सप्ताह के बाद पुन: निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मनरेगा शेषनाथ चौहान, डीपीओ अजीत सिंह, बीएसए हरिवंश कुमार आदि मौजूद रहे।