सोनभद्र। आकांक्षी ब्लॉक चतरा में नीति आयोग से संचालित कार्यक्रमों के प्रगति की शुक्रवार को डीएम बद्रीनाथ सिंह ने समीक्षा की। विकास भवन सभागार में बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों से ब्लॉक में आए बदलाव का स्थलीय परीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी केंद्र, कौशल विकास मिशन के तहत ब्लाॅक चतरा में योजनाओं से संतृप्त करने की प्रगति व सूचकांकों की फीडिंग में शिथिलता बरती जा रही है। इस पर डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी व जिला समन्वयक कौशल विकास को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आकांक्षात्मक ब्लाॅक चतरा में सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार शिक्षा, स्वास्थ्य व आंगनबाड़ी केंद्रों पर निर्धारित मानक के अनुरूप कार्रवाई की जाए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। ब्लॉक में आए बदलाव का स्थलीय परीक्षण भी करें और इसकी विस्तृत रिपोर्ट प्रति सप्ताह प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि नीति आयोग की ओर से संचालित इन कार्यक्रमों के माध्यम से शासन की प्राथमिकता अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सेवा एवं विकास की पहुंच सुनिश्चित करना है। डीएम ने कहा कि ब्लाॅक क्षेत्र में योजनाओं के सुचारु क्रियान्वयन के लिए माइक्रो प्लानिंग की जाए और नियमित अनुश्रवण हो, जनपद, ब्लॉक या व्यक्ति को विकास के लाभ से वंचित न रखा जाए। बैठक में सीडीओ जागृति अवस्थी, डीडीओ हेमंत कुमार सिंह, डीपीआरओ नमिता शरण, डीआईओएस जयराम सिंह, एडीआईओ विनय कुमार सिंह, डीएसटीओ निशांत मिश्रा आदि रहे।