बभनी। बभनी बाजार शिव मंदिर से बाजार टोला जाने वाला मार्ग पूरी तरह गड्ढे में तब्दील हो गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद आज तक सड़क नहीं बन सकी। आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को शिव मंदिर के सामने प्रदर्शन कर जल्द सड़क व पुलिया निर्माण की मांग की है।
बभनी बाजार स्थित शिव मंदिर से सलाहू के घर तक की सड़क गड्ढों में तब्दील है। मुख्य बाजार से जोड़ने वाली सड़क की खस्ताहाल होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस मार्ग पर पुलिया भी पिछली बारिश में बह गई थी। ग्रामीणों की ओर से शिकायत करने के बाद भी न तो सड़क का निर्माण किया गया और न ही पुल बनाया गया।यह मार्ग बभनी के रमईखोरी, डगडउआ टोला, पढ़ाव टोला, चाकू टोला, पुद्दीटोला, बाजार टोला को जोड़ता है। इससे जहां लोगों को पैदल चलने में परेशानी होती है तो वहीं बाइक और साइकल सवार आए दिन दुर्घटना के शिकार होते हैं। कई बार अधिकारियों से इस मार्ग की मरम्मत की मांग उठाई गई, लेकिन अब तक सड़क की हालत जस की तस है। सड़क की बदहाली से आजिज ग्रामीण शिवबाबू, दीपक कुमार, रामप्यारे, मो. हुसैन, अशोक कुमार, राजकुमार, जय कुमार, मो. इकबाल, ग्यासुद्दीन, मर्दन, संदीप कुमार आदि ने प्रदर्शन कर जल्द सड़क निर्माण की मांग की है जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा हो सके।