राबर्ट्सगंज ब्लॉक में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नामांकन पत्रों की जांच करते चुनाव कर्मी।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। 17 व 18 अप्रैल को नामांकन और 18, 19 अप्रैल को हुई नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब बुधवार को नामांकन पत्रों की वापसी का समय निर्धारित किया गया है। इसी दिन तीन बजे के बाद चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिया जाएगा। इसी के साथ गांवों में चुनाव प्रचार तेज होगा।
प्रदेश में कुल चार चरण में पंचायत चुनाव कराया जा रहा है। जिले का चुनाव अंतिम चरण में होना है। इसके लिए 29 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। इसकी तैयारी प्रशासनिक अमला तेजी से कर रहा है। कुल 841 मतदान केंद्रों पर बनाए गए मतदेय स्थलों की व्यवस्थाएं मुकम्मल की जा रही हैं। उधर, नामांकन प्रक्रिया को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिले के दस ब्लाकों की 629 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए, 7767 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए, 781 क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव कराया जाना है। जिल पंचायत की कुल 31 सीटों पर चुनाव होगा। इसके लिए कुल 28736 लोगों ने नामांकन किया है। निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह आठ बजे से तीन बजे तक नामांकन वापसी और उसके बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किया जाएगा।