ओबरा। ओबरा डैम में रेलवे ब्रिज से बृहस्पतिवार को कूदी छात्रा का दूसरे दिन शुक्रवार को भी पता नहीं चल सका। देर शाम तक एसडीआरएफ की टीम मशक्कत करती रही, लेकिन सफलता हाथ नहीं लग सकी। अब शनिवार की सुबह फिर से तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
चोपन थाना क्षेत्र के डाला निवासी श्रेया चौबे (20) पुत्री चंद्रेश चौबे घर से नाराज होकर बृहस्पतिवार की सुबह दस बजे निकली थी। दोपहर साढ़े बारह बजे के करीब ओबरा डैम पंप हाउस पहुंची और वहां स्कूटी खड़ी कर रेलवे ब्रिज पर चढ़ गई। इसके बाद उसने अपनी मां को मोबाइल से मेसेज किया और ओबरा डैम के रेलवे ब्रिज के पिलर नंबर दो के पास से डैम के गहरे पानी में छलांग लगा दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से डैम में कांटा डलवाकर काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। डैम में काफी गहराई होने के चलते एसडीआरएफ टीम को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। तलाशी अभियान के दौरान मौके पर एसडीएम ओबरा विवेक सिंह, प्रभारी निरीक्षक ओबरा राजेश कुमार सिंह सहित परिजन मौजूद रहे।