सोनभद्र। कोरोना वायरस के फैलाव पर रोक के लिए घोषित लॉकडाउन के दौरान गैर प्रांतों व जनपदों से जिले में आने वालों की जांच के लिए अलग-अलग स्थानों पर कुल नौ ट्रांजिट प्वाइंट बनाए गए हैं। जिले की सीमा से सटे चार राज्यों बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ व पड़ोस के जनपदों से होकर आने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग व अन्य जांच के यहां से घर भेजने के लिए ये ट्रांजिट प्वाइंट बनाए गए हैं। प्रत्येक ट्रांजिट प्वाइंट पर चिकित्सकों की टीम के अलावा नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। इन ट्रांजिट प्वाइंट से जिले के 38994 लोगों को राशन किट देकर उनके घर भेजा जा चुका है। प्रशासन की तरफ से कोरोना के फैलाव पर रोक के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बाहर से आने वालों की जांच के लिए अलग-अलग क्षेत्र में ट्रांजिट प्वाइंट बनाए गए हैं।
इसके तहत राबर्ट्सगंज में सेंट जेवियर्स कालेज, आरआर पालिटेक्निक, साईं नर्सिंग एंड फार्मेसी कालेज, जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), घोरावल में राजकीय आश्रम पद्यति विद्यालय, चुर्क में डीएवी विद्यालय, म्योरपुर में श्रीराम डिग्री कालेज तथा दुद्धी में भाऊराव देवरस डिग्री कालेज में ट्रांजिट प्वाइंट बनाए गए हैं। इनमें से सेंट जेवियर्स में 300, आरआर पालिटेक्निक में 200, साईं नर्सिंग एंड फार्मेसी कालेज,1000, डायट में 250, आश्रम पद्यति विद्यालय में 200, भाऊराव देवरस डिग्री कालेज में 250, श्रीराम डिग्री कालेज में 1000, चुर्क डीएवी में 100 अर्थात कुल 3400 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।