दुद्धी। गुजरात से लौटे प्रवासी मजदूर अवधेश (40) पुत्र शिव कुमार चौधरी का शव बुधवार को दोपहर बाद रजखड़ गांव के पास हाथीनाला दुद्धी मार्ग के किनारे पेड़ के नीचे मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया। वहां डीएम एस. राजलिंगम के निर्देश पर डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद रात करीब 12 बजे शव परिजनों को सौंप दिया गया। अवधेश झारखंड के गढ़वा जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र के मचवार गांव का निवासी था। परिजनों ने गांव ले जाकर शव का दाह संस्कार कर दिया। अवधेश गुजरात में काम करता था। लाक डाउन के बाद वह वहीं रुक गया था। उसके बाद मजदूरों की वापसी का क्रम शुरू होने पर वह गुजरात से ट्रेन से वाराणसी पहुंचा था। वहां से उसने पत्नी और परिजनों से बात भी किया। फिर किसी अन्य साधन से वाराणसी से हाथीनाला तक पहुंचा।वहां से दोपहर में कोई साधन न मिलने से हाथीनाला से दुद्धी की ओर पैदल ही चल पड़ा, जहां रजखड़ घाट के सड़क किनारे श्रमिक का शव पाया गया था। प्रवासी मजदूर के पॉकेट में मिले पहचान पत्र के आधार पर कोतवाली पुलिस ने परिजनों को सूचना दिया। सीओ दुद्धी संजय वर्मा ने बताया कि प्रवासी श्रमिक की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हृदयाघात से मृत्यु होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि यहां के प्रशासन स्तर से रिपोर्ट झारखंड सरकार को भेजा जाएगा।