सोनभद्र से सटे छत्तीसगढ़ की सीमा पर बृहस्पतिवार की रात नक्सलियों के डेरा डालने की भनक लगते ही पुलिस महकमा चौकन्ना हो गया। सूत्रों के अनुसार इनामी नक्सली भिखारी उर्फ मेहताजी की अध्यक्षता में नक्सलियों ने मीटिंग की। छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय फोर्स द्वारा चलाए जा रहे अभियान से बचने के लिए नक्सलियों ने सीमावर्ती जंगलों और पहाड़ी इलाकों में पनाह लेने की योजना बनाई है। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने आधुनिक असलहों से लैस जवानों को बार्डर पर तैनात करते हुए नक्सल क्षेत्र के सभी थानों एवं पुलिस चौकियों को अलर्ट कर दिया है।
सूत्रों की मानें तो कुछ माह पूर्व छत्तीसगढ़ के बीजापुर व सुकमा जिले की सीमा पर नक्सलियों ने घेरकर 20 से अधिक जवानों को शहीद कर अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है। इसके बाद से ही सेंट्रल फोर्स के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस नक्सलियों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। लगातार फोर्स के बढ़ रहे दबाव को देखते हुए पूर्व की भांति कई नक्सली सीमावर्ती इलाकों में पनाह लेने की फिराक में हैं। छत्तीसगढ़-गढ़वा सीमा पर बूढ़ा पहाड़ में संगठन को विस्तार देने वाला नक्सली भिखारी उर्फ मेहताजी के जेल से छूटने के बाद फिर सक्रिय होने की खबर है। बृहस्पतिवार की रात बभनी थाना क्षेत्र से सटे छत्तीसगढ़ के जंगल में भिखारी के साथ दस से 15 नक्सली मौजूद रहे। नक्सली सुरक्षा बलों जैसी वर्दी, आधुनिक हथियारों से लैस हैं। मीटिंग के दौरान नक्सलियों ने युवाओं, किशोरियों को अपने दस्ते में शामिल करते हुए बचने के लिए सीमावर्ती इलाकों में पनाह लेने की योजना भी बनाई लेकिन बार्डर पर सोनभद्र पुलिस के सतर्क होने की वजह से नक्सलियों की मंशा पूरी होना संभव नहीं है। एसपी ने बार्डर से सटे सभी थानों की फोर्स को पड़ोसी राज्यों में नक्सलियों की सक्रियता के मद्देनजर अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। जंगली और पहाड़ी इलाकों में मुखबिरों को सतर्क कर दिया गया है। एएसपी डॉ. राजीव सिंह के पर्यवेक्षण में प्रतिदिन सघन कांबिंग की जा रही है। नक्सल इलाकों में तैनात जवानों को संदिग्ध व्यक्तियों को तत्काल गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया है।
छत्तीसगढ़ समेत आसपास के अन्य राज्यों में नक्सलियों की सक्रियतों को देखते हुए बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। नक्सल इलाकों में सघन कांबिंग जारी है। जंगली और पहाड़ी इलाकों में मुखबिरों को सतर्क कर दिया गया है। - अमरेंद्र प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक, सोनभद्र।