थाना क्षेत्र अंतर्गत देवढ़ी ग्राम पंचायत में बृहस्पतिवार को रेल लाइन पर किशोरी का क्षत-विक्षत शव मिला। रात में खाना खाने के बाद किशोरी घर से लापता थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
देवढ़ी गांव निवासी सोहराब खान के घर बुधवार को कुछ रिश्तेदार आए थे। देर रात तक उनका स्वागत सत्कार हुआ। खाना खाने के बाद सोने की तैयारी शुरू हुई। तभी परिजनों की नजर पड़ी तो पुत्री शहनाज अख्तरी (16) घर में नहीं थी। आसपास उसकी काफी तलाश हुई, लेकिन कहीं पता नहीं चला। परिजन उसकी खोजबीन में जुटे रहे। इस बीच सुबह ग्रामीणों ने गांव से गुजरी रेलवे लाइन पर किशोरी का शव देखा। मौके पर पहुंचे परिजनाें ने शव की शिनाख्त की। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।