माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल की विज्ञान विषय की परीक्षा में सोमवार को एक मुन्ना भाई पकड़ा गया। राजकीय इंटर कॉलेज खैरपुर से पकड़े गए मुन्ना भाई के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर दिया गया है। सोमवार को दोनो पाली में हुई हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में 3154 विद्यार्थियों ने परीक्षा नहीं दी। परीक्षा छोड़ने वालों में सबसे अधिक हाईस्कूल के विद्यार्थी हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर के मुताबिक प्रथम पाली में हाईस्कूल विज्ञान विषय की परीक्षा में कुल 23886 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इसके सापेक्ष सिर्फ 21622 विद्यार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 2264 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। परीक्षा के दौरान ही राजकीय इंटर कॉलेज खैरपुर में एक मुन्ना भाई पकड़ा गया। वह अपने ही गांव के एक परीक्षार्थी की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया। डीआईओएस ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने कालेज प्रशासन की ओर से दी गई तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। प्रथम पॉली के इंटरमीडिएट के शिक्षाशास्त्र विषय के परीक्षा में 4798 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इसमें 4284 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 514 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। दूसरी पॉली में इंटरमीडिएट की परीक्षा हुई। दूसरी पॉली में 7218 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिसके सापेक्ष 6842 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। शेष 376 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। जिला विद्यालय निरीक्षक के साथ ही सचल दल में शामिल अन्य अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही।