शक्तिनगर/सिंगरौली। जिले से सटे मध्य प्रदेश के सिंगरौली जनपद में माड़ा थाना क्षेत्र के मूढ़ी गांव में बृहस्पतिवार की रात सोते समय मां और बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार की सुबह जब परिजनों व पड़ोसियों केे घटना की जानकारी हुई तो उनमें कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरूआती जांच में जमीन संबंधी मामले को लेकर हत्या की जानकारी मिली है।
पुलिस के अनुसार मूढ़ी गांव निवासी रामबरन बियार (25) पुुत्र बालकरन और उसकी मां फुलवा (65) घर के एक ही कमरे में सो रहे थे। देर रात अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से मां-बेटे का गला रेत दिया। डबल मर्डर की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर स्थानीय ग्रामीणों से हत्या का कारण जानने के लिए कई बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है। हालांकि अभी तक मां-बेटे की हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक जांच में मामला जमीन को लेकर बताया जा रहा है।