बैंकों में करेंसी न आने से अब एटीएम भी प्रभावित होने लगे हैं। रविवार को राबर्ट्सगंज में स्टेट बैंक और एचडीएफसी के एटीएम को छोड़कर सभी एटीएम बंद रहे। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। सिर्फ दो एटीएम पर ही लोग पैसा निकालने पहुंचे, लेकिन यहां भी दो-दो हजार रुपये की नोट निकलने से तमाम लोग वापस लौट गए।
पांच सौ और एक हजार रुपये की नोटबंदी के 19वें दिन भी करेंसी न आने का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि लोगों के पास घरेलू खर्च चलाने के लिए भी सौ, 50 रुपये के नोट नहीं हैं। इससे सारे कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। शुक्रवार के बाद शनिवार और रविवार को बैंक बंद रहे। लोगों को उम्मीद थी कि सभी बैंकों में एटीएम में सौ, 50 के नोट रहेंगे और निकासी में कोई समस्या नहीं आएगी। लेकिन लोगों की उम्मीद पर पानी फिर गया। लोग यह भी जान रहे कि अभी पांच सौ रुपये की नई करेंसी नहीं आई है। रविवार की सुबह जब उपभोक्ता बैंकों के एटीएम पर पहुंचे तो पता चला कि ज्यादातर बैंकों के एटीएम के शटर गिरे पड़े हैं।
सिर्फ एसबीआई और एचडीएफसी के एटीएम खुले थे। इन पर सुबह लाइन लगनी शुरू हुई लेकिन जब लोगों को पता चला कि सिर्फ दो हजार रुपये की ही नोट निकल रही है तो ज्यादातर लोग बगैर रुपये निकाले ही लौट गए। फुटकर के अभाव में लोगों को सामानों की खरीद में परेशानी झेलनी पड़ रही है। गांवों में भी फुटकर को लेकर स्थिति खराब है और परेशान हैं।