रेणुकूट। बिजली विभाग की ओर से राजस्व वसूली बढ़ाने, लाइन लास कम करने के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं। उच्चाधिकारियों से मिले निर्देश के बाद पिपरी स्थित विद्युत वितरण खंड कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी भी सक्रिय हो गए हैं। अधिशासी अभियंता शुभेंदु शाह ने बताया कि 10 हजार के ऊपर के बकायेदारों का कनेक्शन काटकर आरसी जारी की जाएगी।
कहा कि वितरण खंड द्वारा बीते माह से ही विद्युत उपभोक्ताओं के बकाये को जमा करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें अब तक नौ करोड़ आठ लाख 41 हजार 182 रुपए के बकाए में 929 लोगों की आरसी काटी जा चुकी है। विद्युत चोरी करते पकड़े गए तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस फीडर का लाइन लॉस 15 फीसदी तक आएगा उस फीडर पर 24 घंटे विद्युत आपूर्ति दी जाएगी। अब तक 50 लाख रुपये के बकाये में 485 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटा जा चुका है। अधिशासी अभियंता ने कहा कि जिस सबस्टेशन के अंतर्गत ज्यादा बकायेदार हैं। वहां विजिलेंस की टीम जाएगी और घर-घर जाकर विद्युत उपभोक्ताओं की जांच करेगी।
69 लोगों के कटे कनेक्शन
रेणुकूट/विंढमगंज/अनपरा/घोरावल। रेणुकूट नगर में शनिवार को विद्युत विभाग ने अभियान चलाकर 27 बकायेदारों का कनेक्शन कटा। विद्युत वितरण खंड पिपरी के अधिशासी अभियंता शुभेंदु शाह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में 2 लाख 10 हजार रुपये की वसूली भी की गई। वहीं विंढमगंज थाना क्षेत्र के सलैयाडीह ग्राम पंचायत स्थित विद्युत बिल जमा करने के लिए कार्यालय पर शनिवार को विद्युत निगम अधिकारियों ने कैंप लगाया। बकाया बिल करीब एक लाख 70 हजार रुपये जमा कराया। विद्युत कैंप में मौजूद एसडीओ चंद्रशेखर प्रसाद ने बताया कि इस दौरान 14 बकायेदारों का कनेक्शन काटा गया। दो खराब हो चुके मीटर को भी बदले गए हैं। इस मौके पर जेई शैलेश कुमार, लिपिक जितेंद्र, मीटर रीडर संजय गुप्ता, सुनील कुमार, बाबूलाल, दिनेश, जितेंद्र शर्मा, मोनू जायसवाल मौजूद रहे। अनपरा के औड़ी मोड़ पर कैम्प का आयोजन किया गया। विद्युत वितरण विभाग के जेई अनुज कुमार ने बताया कि कैंप में एक लाख 20 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया। साथ ही 16 बकायेदारों का कनेक्शन भी काटा गया। इस दौरान 4 मीटर बदले गए। वहीं घोरावल के देवरीखुर्द व जुड़िया गांवों में विद्युत कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान 12 लोगों के कनेक्शन काटे गए। साथ ही एक लाख 35 हजार रुपये का बिल वसूला। बिसरेखी सब स्टेशन के अवर अभियंता विश्वनाथ मौर्या ने बताया कि देवरीखुर्द गांव में 1 और जुड़िया में 7 लोग अवैध तरीके से कंटिया मारकर बिजली चोरी करते हुए पाए गए।
विद्युत चोरी में 11 लोगों पर मुकदमा
बभनी। परसाटोला बाजार में बिजली विभाग की छापे की कार्रवाई में विद्युत चोरी के आरोप में 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अवर अभियंता बिहारी लाल ने बताया कि परसाटोला में बिजली चोरी की शिकायत थी, जिस पर विभाग ने जांच किया। जांच के दौरान राजेश, शिवपूजन, राजकुमार, सियाराम, कृष्णानंद, चंदिका, शिवप्रसाद, सुरेंद्र, प्रदुम्न, अशोक, रामनरेश के खिलाफ विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया।
पांच विद्युत उपकेंद्रों पर आज लगेगा कैंप
घोरावल। बिजली बिल के संशोधन व जमा कराने के लिए घोरावल तहसील क्षेत्र के सभी पांच उपकेंद्रों पर रविवार को कैंप लगाया जाएगा। इस संबंध में अवर अभियंता कमलेश कुमार ने बताया कि तहसील क्षेत्र के केवली, बिसरेखी, घुवास, रानीतारा व शाहगंज उपकेंद्रों पर रविवार को बिजली विभाग द्वारा कैंप लगाया जाएगा। इस कैंप में बिजली बिल में हुई किसी कमी का संशोधन किया जाएगा और बिजली बिल जमा की जाएगी। इसके अलावा उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुनकर उसका समाधान किया जाएगा।