सोनभद्र। बीजपुर थाना क्षेत्र में अनियमितता के आरोप में सील की गई एक क्लिनिक का ताला तोड़े जाने का मामला संज्ञान में आने पर स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। सीएमओ डॉ. एसके उपाध्याय ने नोडल अधिकारी गुरु प्रसाद मौर्य को मामले की गंभीरता से जांच करते हुए रिपोर्ट मुहैया कराने का निर्देश दिया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके उपाध्याय ने बताया कि बीजपुर में संचालित एक क्लिनिक को गलत दवा देने के आरोप में सील कराया गया था। शिकायत के बाद क्लिनिक को सील कर दिया गया, लेकिन कुछ दिन पूर्व सील क्लिनिक का ताला तोड़े जाने की शिकायत विभागीय उच्चाधिकारियों के पास पहुंची तो खलबली मच गई। बताया कि बिना डिग्री के क्लिनिक खोलने वालों की जांच के लिए बनाए गए नोडल अधिकारी गुरु प्रसाद को जांच कर रिपोर्ट मुहैया कराने का निर्देश दिया गया है। शुक्रवार को नोडल अधिकारी ने मौके पर जाकर जांच भी की। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।