शक्तिनगर। तीन दिन पहले घर के गायब किशोर का शव रविवार सुबह तालाब में उतराया मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया तब शिनाख्त हो पाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई।
शक्तिनगर थाना क्षेत्र की बीना पुलिस चौकी इलाके में स्थित मिसरा गांव में हाइवे किनारे तालाब मौजूद है। सुबह कुछ ग्रामीणों ने तालाब में शव उतराया देखा। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना उपरांत पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में शव को पानी से बाहर निकलवाया गया। शव की शिनाख्त गांव के बैजनाथ कोल उर्फ पेंटा (15) पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई तो परिजन दहाड़े मार रोने बिलखने लगे। परिजनों के मुताबिक बैजनाथ रोजाना के तरह शुक्रवार घर से निकला लेकिन देर रात तक वापस लौटा तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। परिजनों ने आसपास के गांवों में खोजबीन की परंतु कोई अता पता नहीं चला। इसके वजह से परिजन परेशान थे। रविवार सुबह गांव के तालाब में शव उतराया मिलने से सनसनी फैल गई। परिवार के लोग इसे सामान्य मौत नहीं मान रहे हैं। उनका कहना है मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। बीना के चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर वजह साफ हो पाएगी।