खबर सोनभद्र के अनपरा से है। चार साल पहले निकाय बनी अनपरा के नवनिर्मित कार्यालय के उद्घाटन के दौरान प्रोटोकाल का पालन न होने पर राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव सिंह गोंड भड़क गए।
मंत्री बतौर मुख्य अतिथि वह कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, लेकिन गेट पर स्वागत के लिए न चेयरमैन थे और न ही ईओ। नाराज राज्य मंत्री कार्यक्रम का बहिष्कार कर लौटने लगे तो आनन-फानन जिम्मेदार मौके पर आए। प्रबुद्ध लोगों ने हस्तक्षेप कर मंत्री को मनाया। इसके बाद राज्य मंत्री ने कुबरी में बने नए कार्यालय का फीता काटकर शुभारंभ किया।
बताते चलें कि वर्तमान में नगर पंचायत का संचालन अनपरा बाजार स्थित पुराने ग्राम सचिवालय में अस्थाई तौर पर हो रहा है। नगर के वार्ड नंबर 6 के कुबरी में डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से नए कार्यालय भवन का निर्माण किया गया है।
बुधवार को सुबह 11 बजे नए कार्यालय पर चेयरमैन विश्राम बैसवार व ईओ अर्पणा मिश्रा ने पूजा विधि-विधान से शुरू की। पूजा शुरू होने के करीब एक घंटे बाद मुख्य अतिथि ओबरा विधायक एवं समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
गेट पर स्वागत में नगर पंचायत अध्यक्ष एवं ईओ के उपस्थित न होने पर मंत्री जी नाराज हो गए और कार्यक्रम स्थल से जाने लगे। ईओ को जैसे इसकी जानकारी हुई तो पूजा से उठकर नंगे पांव ही मनाने के लिए मंत्री जी के गाड़ी तक पहुंची।
राज्य मंत्री ने कहा कि हमारे प्रोटोकाल का उल्लंघन किया गया है। ईओ के काफी निवेदन करने के बाद मंत्री जी किसी तरह माने। इसके बाद चेयरमैन व ईओ ने बुके देकर एवं माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद राज्य मंत्री पूजा में शामिल हुए। पूजा के बाद फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया।
उन्होंने नए कार्यालय का अवलोकन किया। कार्यालय परिसर में पौधा लगाया। इस अवसर पर नगर पंचायत के लिपिक गणेश तिवारी, सभासद राकेश बैसवार, रंजन यादव, सीमा देवी, उर्मिला देवी, प्रथम श्रीवास्तव, श्री प्रकाश आदि मौजूद रहे।