दुद्धी। तहसील क्षेत्र के फुलवार गांव के मलिया नदी में शनिवार को अवैध खनन करने वालों को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम पहुंची। लेकिन वन कर्मियों को देखते ही अवैैध खनन करने वाले वाहनों को लेकर नदी से फरार हो गए। वन कर्मियों ने अवैध खनन करने वालों को चिह्नित कर रविवार को उनके खिलाफ विण्ढमगंज थाने में तहरीर दे दी है।
शनिवार की रात्रि विंढमगंज रेंज के तहत फुलवार मलिया नदी में रेत के अवैध खनन के लिए सात ट्रैक्टर नदी में पहुंचे। ट्रैक्टरों पर बालू की लोडिंग शुरू हुई तभी किसी ग्रामीण ने डीएफओ को सूचना दे दी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभागीय वनाधिकारी एमपी सिंह ने डिप्टी रेंजर आरके मौर्या के नेतृत्व में वन विभाग की टीम को भेजा। फुलवार में वन कर्मियों को देख दो ट्रैक्टर चालक बालू गिरा कर भाग गए। वहीं नदी में खनन में लिप्त 5 अन्य ट्रैक्टर भी भाग गए। डीएफओ एमपी सिंह से अवैध बालू खनन व परिवहन वालों के भागने की बात स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि खननकर्ता अवैध खनन करने से बाज नहीं आ रहें, उनके खिलाफ नामजद तहरीर रविवार को डिफ्टी रेंजर आरके मौर्य से विंढमगंज थाना पर भेजी गई है। अवैध खनन करने वालों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई करने की भी सिफारिश की जाएगी। उधर पिछले दिनों क्षेत्रीय विधायक हरिराम चेरों ने उपजिलाधिकारी दुद्धी को पत्र भेज कर विंढमगंज रेंज में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहां है। लेकिन विधायक के पत्र पर क्या कार्रवाई की गई अभी तक पता नहीं चला है।