सोनभद्र। चोपन ब्लाक के अगोरी दुर्ग के पास माहर के बखरी (मंजरी धाम) पर सोमवार को 101 निर्धन जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया। अखिल भारतीय प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष श्यामबिहारी यादव और भिखारी बाबा की अगुवाई में आयोजित विवाह की बारात गाजे-बाजे के साथ गोठानी मंदिर से विवाह स्थल के लिए रवाना हुई। श्यामबिहारी यादव, भिखारी बाबा के अलावा बारात में दो सौ साधुओं ने भी भाग लिया।
बिहार सरकार के पूर्व मंत्री ददन पहलवान, पूर्व प्रमुख संजय यादव, मिर्जापुर से आए आशीष यादव, झकाही मठ के मलिकार बाबा बेलशानंद महाराज आदि ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। इसके बाद वर-वधू के पूजन और कन्यादान की परंपरा निभाई गई। सबसे पहले एक मुसलिम जोड़े का निकाह कराया गया। इसके बाद शेष जोड़ों की वैदिक रीति-रिवाज से विवाह की प्रक्रिया पूरी कराई गई। सभी कन्याओं ने माता मंजरी के मंदिर जाकर सुखमय जीवन के लिए प्रार्थना की। सभी वर-वधू को माता मंजरी की प्रतिमा प्रदान की गई और अतिथियों को माता मंजरी की फोटो भेंट की गई। सभी कन्याओं को गृहस्थी से जुड़ी सामग्री भी प्रदान की गई। विवाह के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चलता रहा। इस दरम्यान रामकथा और भागवत कथा का भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कवि छोटेलाल ने मंगल गीत गाए।