जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में मंगलवार की रात विवाहिता और युवक का शव घर में फंदे पर लटकता मिला। दुद्धी में युवक का शव कमरे में कुंडी के सहारे युवक ने फंदा लगाया तो चोपन के तेलगुड़वा में बड़ेर से दुपट्टे के सहारे विवाहिता का शव फंदे पर लटक रहा था। पुलिस छानबीन में जुटी है।
पहली घटना तेलगुड़वा पूर्वी की है। गांव निवासी वीरेंद्र गोंड कुछ माह पहले रोजगार की तलाश में गुजरात गया था। उसकी पत्नी विफनी देवी (22) घर पर बच्चाें और अपनी बहन की बेटी पूनम के साथ रहती थी।
पूनम के मुताबिक मंगलवार की रात वह मौसी के साथ सोई थी। सुबह सात बजे जगकर वह घर से थोड़ी दूर पाही वाले मकान पर चली गई। करीब दो घंटे बाद वहां से लौटी तो मौसी का शव बड़ेर के सहारे फंदे पर लटकता देखा। घटना की सूचना अन्य घर वालों को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि घटनास्थल पर जाकर फॉरेंसिक टीम के साथ हर बिंदुओं पर जांच की गई है।
तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। उधर, दूसरी घटना दुद्धी कस्बे के वार्ड नंबर नौ की है। वार्ड निवासी प्रदीप सेठ (39) फेरी लगाकर आभूषण बिक्री का काम करता था।
बुधवार की सुबह कमरे में दरवाजे की कुंडी के सहारे उसका शव लटकता मिला। कुछ वर्षों से उसे शराब की लत गई थी। मंगलवार को वह कनहर नदी के पास लगे मेले में भी गया था। वहां से लौटकर आने के बाद किन परिस्थितियों में उसका शव कमरे में लटकता मिला, इसकी जांच कोतवाली पुलिस कर रही है।