पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) मिर्जापुर रेंज एमडी कर्णधार ने कहा कि जिले की नक्सल गतिविधियाें पर पुलिस की पैनी निगाह है।
उनका कहना था कि किसी सूरत में पुलिस नक्सलियाें को सिर उठाने नहीं देगी।
बुधवार को एनटीपीसी सिंगरौली के शक्तिनगर स्थित अति विशिष्ट अतिथि गृह में पत्रकारों से मुखातिब थे। डीआईजी ने औद्योगिक परियोजनाओं व रेलवे की जमीनों पर तेजी से हो रहे अतिक्रमण को गंभीर बताते हुए कहा कि इसके लिए साझा कार्रवाई की जरूरत है।
उनका कहना था कि संबंधित परियोजना के अधिकारियों के साथ प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से काम करें तो इस पर अंकुश लग सकता है।
बशर्ते इसके लिए प्रयास पावर, कोल प्रोजेक्ट और रेलवे के अधिकारियों को करना होगा। क्षेत्र में कबाड़ी गिरोह की बढ़ती गतिविधियों के सवाल पर कहा कि औद्योगिक इलाके में रहने वाले बाहरी लोगों खास कर परियोजनाओं में कार्य करने वाले संविदा मजदूरों के सत्यापन की जरूरत है। क्योंकि इलाके में कई महत्वपूर्ण पावर और कोल परियोजनाएं आबाद है। इसलिए जरूरी है कि बाहर से आने वाले लोगाें का सत्यापन कराया जाए जिससे यह साफ हो सके कि इसमें कोई संदिग्ध या समाज विरोधी गतिविधि में लिप्त लोग तो शामिल नहीं है। इस मौके पर शक्तिनगर एसओ जगदीश चंद्र यादव, एसआई राकेश कुमार भी मौजूद रहे।