शक्तिनगर। थाना क्षेत्र के खड़िया बाजार में मंगलवार को मां-पत्नी की हत्या कर शवों को जलाने का प्रयास करने वाले शादाब को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी एक मकान के छत पर छिपा हुआ था। पुलिस को देख वह भागने के चक्कर में छत से कूद कर चोटिल हो गया। पुलिस की देखरेख में आरोपी का अस्पताल में उपचार हुआ। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। मृतका के बेटे की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर पुुलिस कार्रवाई कर रही।
ज्ञात हो कि मंगलवार दोपहर खड़िया रहवासी क्षेत्र में दो महिलाओं की नृशंस हत्या के बाद जलाए जाने की कोशिश में जांच करने पर पता चला कि सफीबुन निशा व रूकसाना की हत्या सफीबुन के बेटे व रूकसाना के पति शादाब ने की है। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस की तीन टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए लगाई। अब्दुल मन्नान की तहरीर पर उसके छोटे भाई शादाब के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश करने में जुटी। देर रात एएसपी ओपी सिंह को सूचना मिली की हत्यारोपी घटना को अंजाम देने के बाद अपने घर के आसपास ही कहीं छिपा है। बुुधवार की भोर में हत्यारोपी एक मकान के छत पर छिपा हुआ दिखाई दिया। क्षेत्राधिकारी वीएस मिश्रा ने बताया कि उसे छत से उतरने के लिए कहां गया तो वह भागने लगा, जिससे उसे चोट लग गई। आरोपी से पूछताछ की जा रही है