पुलिस लाइन चुर्क के प्रशासनिक सभागार में बृहस्पतिवार को डीआईजी/एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत समस्त थानों पर नियुक्त महिला बीट पुलिस अधिकारी और गठित एंटी रोमियो टीम की बैठक हुई। एसपी ने मातहतों को महिलाओं/बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उनके साथ होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोकथाम लगाने का निर्देश दिया।
एसपी ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण और स्वावलंबन शासन की प्राथमिकता है। मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में चेतना बढ़ाना और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी सहभागिता को बढ़ाना है। उन्होंने महिला बीट पुलिस अधिकारी/एंटी रोमियो दल को निर्देशित किया कि इस विशेष अभियान में महिलाओं व बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के प्रति जागरूक करें। अपने-अपने क्षेत्र के स्कूल/ कॉलेजों/गांवों/सार्वजनिक स्थलों व स्थापित मिशन शक्ति कक्ष में नियमित रूप से जाकर बालिकाओं/महिलाओं को जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताएं। महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और एनजीओ आदि से लगातार समन्वय स्थापित कर महिलाओं को जागरूक करें। छात्र/छात्राओं से वार्ता कर उन्हें विभिन्न कानूनी धाराओं, हेल्पलाइन नंबर आदि के बारे में बताएं। एएसपी विनोद कुमार, प्रतिसार निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, प्रभारी महिला सहायता प्रकोष्ठ सीमा सिंह, महिला थाना प्रभारी संतू सरोज, सीमा द्विवेदी, साधना मिश्रा आदि मौजूद रहे।