रेणुकूट नगर क्षेत्र के मुर्धवा में बुधवार को भाजपा ओबरा विधानसभा इकाई के सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियां जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
मुख्य अतिथि प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड ने कहा कि आज कार्यकर्ताओं की वजह से पार्टी एक विशाल पार्टी का रूप ले पाई है। कार्यकर्ता अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें। सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं।
जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने आह्वान किया कि हर कार्यकर्ता पार्टी को मजबूती प्रदान करने और समाज के हर व्यक्ति के दुख सुख में साथ खड़ा रहे। प्रदेश कार्य समिति सदस्य चांद प्रकाश जैन ने कहा कि कार्यकर्ता कोई भी छोटा बड़ा नहीं होता।
सब की अपनी अपनी एक पहचान होती है। पार्टी को ख़डी करने और सत्ता तक लाने में हर कार्यकर्ता का विशेष सहयोग रहता है। इस मौके पर एससी-एसटी आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष रामनरेश पासवान, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, उमेश पटेल, अनिल सिंह गौतम, हरिराम शाह आदि मौजूद रहे।