अनपरा के करहिया स्थित आक्सीजन प्लांट में मशीनों को रिपेयर करते श्रमिक।
- फोटो : SONBHADRA
अनपरा। करहिया में वर्षों से बंद ऑक्सीजन प्लांट को शुरू कराने के लिये मंगलवार को मशीनों का मरम्मत और रिपेयर का काम जिला प्रशासन की पहल के बाद शुरू कर दिया गया है। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही जनपद में ऑक्सीजन रिफिलिंग की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। कोविड संक्रमण में ऑक्सीजन की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद नजर आ रहा है।
उपजिलाधिकारी दुद्धी रमेश कुमार की दो दिनों के प्रयास से डिबुलगंज स्थित करहिया में बंद पड़े आक्सीजन प्लांट को शुरू कराने की कवायद तेज कर दी गई है। मंगलवार को दर्जनों श्रमिकों ने आक्सीजन प्लांट की बंद पड़ी मशीनों का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। उपजिलाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि आक्सीजन प्लांट के संचालन में बिजली व केमिकल की आ रही दिक्कतों के कारण बंद पड़े करहिया ऑक्सीजन प्लांट को शुरू कराने के लिये जिला प्रशासन द्वारा पहल की जा रही है जो भी समस्या प्लांट को शुरू कराने में आ रही है उसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। बिजली व केमिकल की उपलब्धता पर तेजी से कार्य शुरू कर दिया गया है। कहा कि जिला प्रशासन ऑक्सीजन सिलिंडर की उपलब्धता को लेकर संबंधित व्यवसायियों की मदद ले रहा है। सोमवार को अनपरा के गैस से संबंधित व्यापारियों से उपजिलाधिकारी ने बैठक किया जिसमें एशियाड बैरिंग, सनराइज बैटरी व महेंद्र विश्वकर्मा आदि ने 121 खाली व नौ भरे हुए अपने अपने गैस सिलिंडर प्रशासन को उपलब्ध कराए।