सोनभद्र। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद से संचालित मुंशी-मौलवी (सेकेंडरी फारसी एवं अरबी) और आलिम (सीनियर सेकेंडरी फारसी एवं अरबी) परीक्षा सोमवार से आरंभ होगी। यह परीक्षा 14 फरवरी तक चलेगी। इसके लिए जिले में तीन केंद्र बनाए गए हैं।
इनमें राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज राॅबर्ट्सगंज, राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी और कादरिया गर्ल्स कॉलेज (निस्वा) मल्देवा दुद्धी शामिल हैं। इनमें कादरिया गर्ल्स कॉलेज को स्वकेंद्र बनाया गया है। मुंशी-मौलवी परीक्षा में 133 परीक्षार्थी और आलिम परीक्षा में 39 परीक्षार्थी शामिल होंगे। मुंशी-मौलवी की परीक्षाएं प्रथम पाली में सुबह 8 बजे से 11 बजे तक तीनों केंद्रों पर होंगी। वहीं आलिम की परीक्षाएं द्वितीय पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक केवल राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी में कराई जाएगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए समय सारणी परिषद के मदरसा पोर्टल पर भी उपलब्ध कराई गई है। नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा संचालन के लिए जनपद स्तर पर सचल दल, आंतरिक निरीक्षण दल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। परीक्षाओं की निगरानी सीसीटीवी और वेबकास्टिंग के माध्यम से की जाएगी।