पुलिस ने युवती के परिजनों और परिचितों से पूछताछ के साथ ही उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को युवती के हथवानी निवासी मनोज कुमार उर्फ मुन्ना से प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने मनोज पर नजर रखनी शुरू की और पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया।
एसओ विनोद कुमार यादव के मुताबिक, शनिवार को मनोज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने युवती की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि करीब दो माह से उसका युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिछले कुछ समय से उसे संदेह था कि युवती किसी दूसरे युवक से भी फोन पर बातचीत कर रही है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
पुलिस का दावा है कि विवाद के दौरान मनोज ने युवती का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को हथवानी-साऊडीह के जंगल में छोड़ दिया। घटना के बाद युवती का शव जंगल में मिला था। एसओ ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।