एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने मंगलवार को थाना पिपरी का वार्षिक निरीक्षण किया। थाना परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारने के साथ ही फरियादियों से अच्छा व्यवहार करने की हिदायत दी।
एसपी ने थाना कार्यालय, हवालात, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, कंप्यूटर कक्ष, मेस, बैरक आदि का अवलोकन किया। कार्यालय के अभिलेखों को अद्यावधिक कर बेहतर ढंग से व्यवस्थित रखने, असलहों की नियमित साफ-सफाई करने के लिए प्रभारी निरीक्षक पिपरी को निर्देश दिए। थाने पर दाखिल विभिन्न अभियोगों से संबंधित माल/वाहनों के संबंध में नियमानुसार विधिक निस्तारण सुनिश्चित कराने को कहा। थाने पर आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता की शिकायतों को विनम्रतापूर्वक सुनने और उनके प्रार्थना पत्रों को रजिस्टर में क्रमबद्ध तरीके से अंकित कर उसकी शत-प्रतिशत सुनवाई करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई करने की हिदायत दी। महिला हेल्प डेस्क पर नियुक्त महिला पुलिसकर्मी को आने वाली महिला फरियादियों की समस्या को सहानुभूति पूर्वक सुनकर उनका तत्काल निस्तारण कराने के लिए निर्देश दिए। एंटी रोमियो टीम को निरंतर क्षेत्र में भ्रमण करते रहने की हिदायत दी। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक पिपरी अजय कुमार सिंह, वाचक पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र राय आदि मौजूद रहे।