घोरावल कोतवाली क्षेत्र के नौगवां नंदलाल गांव में रविवार की सुबह शटडाउन लेकर खंभे पर चढ़कर तार जोड़ रहा लाइनमैन अचानक आपूर्ति शुरू के कारण करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। उसे घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां से उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के छैनी गांव निवासी अरविंद कुमार मौर्या उर्फ धर्मेंद्र मौर्या (35) पुत्र श्रीराम मौर्या को रविवार सुबह घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उनके परिजनों ने भर्ती कराया। धर्मेंद्र के परिवार के सदस्य विनोद कुमार मौर्या ने बताया कि धर्मेंद्र बिजली विभाग में पिछले एक साल से संविदा लाइनमैन है। रविवार सुबह धर्मेंद्र छैनी गांव से सटे नौगवां नंदलाल गांव में बिजली के खंभे पर चढ़कर किसी ग्रामीण की लाइन ठीक कर रहे थे। उस समय उसने शटडाउन ले रखा था। जब धर्मेंद्र खंभे पर काम कर रहा था, उसी समय अचानक बिजली आपूर्ति शुरू हो गई, जिससे हाईवोल्टेज करेंट की चपेट में आकर धर्मेंद्र मौर्या झुलस गया और बिजली के खंभे के नीचे गिर पड़ा। जानकारी होने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और अरविंद को घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्रीय अन्य लाइनमैन भी अस्पताल पहुंचे। उपचार कर रहे डॉ देवेश पांडेय ने बताया कि करंट लगने से अरविंद का हाथ, पैर, सीना और पीठ झुलस गया है। हालत गंभीर होने के कारण उसे ट्रामा सेंटर बीएचयू के लिए रेफर किया गया है।