सोनभद्र। दो दिन पूर्व चुर्क पुलिस चौकी क्षेत्र के जंगल में जीवन रक्षक दवाओं को जलाए जाने के मामले को सीएमओ डॉ. एसके उपाध्ध्याय ने गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू करा दी है। मंगलवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रेम प्रसाद की अगुवाई में टीम ने मौके पर पहुंच कर दवाएं कहां से लाई गई और आग क्यों लगाई गई समेत अन्य बिंदुओं पर जांच की। सीएमओ बोले जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को सोशल मीडिया पर चुर्क पुलिस चौकी क्षेत्र के जंगल में दवाओं का ढेर लगाकर आग लगाने का वीडियो वायरल होने की भनक लगते ही स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रेम प्रसाद और पीएसी केकराही के प्रभारी डॉ. रामकुंवर को जलाई गई जीवन रक्षक दवाओं की निष्पक्ष ढंग से जांच कर रिपोर्ट मुहैया कराने का निर्देश दिया। जांच अधिकारियों ने मौके पर जाकर जलने से बची कुछ दवाओं को कब्जे में लेकर पता किया कि दवाएं राजकीय अस्पतालों की है या दुकानों की है। इसके अलावा कई बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार किया। इस दौरान चिकित्सकों ने मौके पर मौजूद कुछ लोगों से दवाओं को किन लोगों ने लाकर आग लगाई समेत अन्य बिंदुओं पर पूछताछ की तो उन लोगों ने मामले में किसी भी तरह की जानकारी होने से इंकार कर दिया। जांच कर रहे डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रेम प्रसाद ने कहा कि अवलिंब रिपोर्ट सीएमओ को मुहैया करा दी जाएगी। उधर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके उपाध्याय ने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।