कोरोना काल के दौरान नियमों और निर्देशों का पालन न करने पर एसडीएम दुद्धी ने म्योरपुर ब्लाक की नधिरा ग्राम पंचायत के लेखपाल को सोमवार को निलंबित कर दिया। एसडीएम ने लेखपाल के निलंबन के बाद विभागीय कार्यवाही की संस्तुति की है।
म्योरपुर विकास खंड की नधिरा ग्राम पंचायत में सोमवार को एसडीएम रमेश कुमार ने कोरोना के टीकाकरण और गांव में मरीजों के हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वैक्सीनेशन की जानकारी ली और टीका लगवा चुके लोगों को प्रमाण पत्र भी दिया। उन्होंने बताया कि सभी टीकाकरण केंद्र पर राजस्व, विकास और शिक्षा विभाग की ड्यूटी लगाई गई है। यह देखा जा रहा है कि टीकाकरण के प्रति कई कर्मचारी रुचि नहीं ले रहे हैं। बताया कि नधिरा के लेखपाल ने भी आपदा के दौरान दिये गए कई निर्देशों का पालन नहीं किया। आदेशों को न मानने और क्षेत्र में बिना बताए गायब रहने और बिना अवकाश के मुख्यालय से बाहर जाने और फोन किये जाने पर मोबाइल स्विच्ड ऑफ करने के कारण लेखपाल अंजनी कुमार सिंह को निलंबित करते हुए विभागीय कार्यवाही के आदेश दिया गया है। उन्होंने कहा है कि जिस भी स्तर पर लापरवाही बरती जाएगी उसके खिलाफ कार्यवाही तय है।