सोनभद्र। कोरोना कर्फ्यू के कारण करीब तीन माह से बंद लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया अब पुन: शुरू होने वाली है। परिवहन विभाग ने इसके लिए 21 जून से समय निर्धारित किया है। रोजाना 60 लर्निंग लाइसेंस बनाए जाएंगे। विभाग इसकी रूपरेखा बनाने में जुट गया है।
जिले में करीब 1361 आवेदन महीनों से लंबित हैं। फरवरी और मार्च की शुरुआत में नए ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने वालों को 24 मार्च के बाद ऑनलाइन टेस्ट की तारीख मिली थी। इस बीच कोरोना कर्फ्यू के कारण यह प्रक्रिया रोक दी गई। ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बन सके। कोरोना की रफ्तार कम होने के बाद अब परिवहन विभाग जल्द ही लर्निंग लाइसेंस बनाने का कार्य शुरू करने जा रहा है। सर्व प्रथम पहले के आवेदकों का लाइसेंस बनाया जाएगा। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन अनिल मिश्रा ने बताया कि परिवहन आयुक्त ने इस बारे में पत्र जारी कर निर्देश दिया है। पत्र के अनुसार, पूर्व में 30 जून तक स्थगित लर्निंग लाइसेंस संबंधी कार्यों को 21 से 30 जून तक लर्निंग लाइसेंस ब्लॉक किए गए स्लॉटों को अनब्लॉक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लर्निंग लाइसेंस के आवेदक इन तिथियों पर भी अप्वाइंटमेंट स्लॉट बुक कर सकेंगे।