बार एसोसिएशन रामपुर के सदस्य अधिवक्ता फारुख अहमद की हुई निर्मम हत्या के विरोध में सोनभद्र बार एसोसिएशन ने बृहस्पतिवार को नाराजगी जताई। अधिवक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ता सुरक्षा कानून को भी लागू करने पर जोर दिया। अधिवक्ताओं का कहना था कि आए दिन अधिवक्ताओं के साथ हो रही घटनाएं चिंता का विषय है। पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता से अधिवक्ता समाज में आक्रोश है। ज्ञापन में मांग की गई कि अधिवक्ता फारुख अहमद के हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
साथ ही मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। अधिवक्ताओं ने प्रदेश में शीघ्र एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की भी मांग उठाई। इसी क्रम में बार एसोसिएशन ने मुख्यालय व तहसील के अधिवक्ताओं के वाहनों को टोल टैक्स से मुक्त किए जाने की मांग भी दोहराई। ज्ञापन में कहा गया कि सोनभद्र जनपद भौगोलिक दृष्टि से विस्तृत व चार राज्यों से घिरा हुआ है। मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज से ओबरा, दुद्धी, अनपरा स्थित एडीजे कोर्ट व लेबर कोर्ट पिपरी आने-जाने में अधिवक्ताओं को एसीपी टोल प्लाजा लोढ़ी पर बार-बार टोल देना पड़ता है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। इस संबंध में 21 जनवरी को भी ज्ञापन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक प्रसाद श्रीवास्तव की अध्यक्षता व महामंत्री योगेश कुमार द्विवेदी के संचालन में अधिवक्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।