+सोनभद्र। कोरोना काल में व्यावसायिक विद्युत उपभोक्ताओं के लिए शुरू की गई एकमुश्त समाधान योजना के तहत पंजीकरण का रविवार को अंतिम दिन है। उपभोक्ताओं को पंजीकरण में किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए विभाग ने रविवार को भी कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत अब तक पिपरी क्षेत्र में 1108 व राबर्ट्सगंज में 955 लोगों ने पंजीकरण कराया है।
विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता सर्वेश सिंह ने बताया कि राबर्ट्सगंज खंड क्षेत्र में 1795 लोगों के पंजीकरण लक्ष्य तय किया गया था। अब तक 955 लोगों ने पंजीकरण कराया है। इसी तरह पिपरी क्षेत्र में 1994 का लक्ष्य था। वहां 1108 लोगों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 ओटीएस योजना के तहत पंजीकरण कराने पर 28 फरवरी तक धनराशि जमा करनी होगी। 30 फीसदी धनराशि पंजीकरण के समय ही जमा करनी होगी।