स्थानीय थाना अंतर्गत एक निजी कंपनी में कार्य के दौरान हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। उसका साथी घायल भी घायल हो गया है। उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।
नगर के शिवमंदिर रेणुसागर निवासी कमलेश यादव (50) पुत्र महावीर यादव निजी क्षेत्र की परियोजना में ठेकेदार के माध्यम से संविदा मजदूर था। शुक्रवार की सुबह की शिफ्ट में परियोजना में कार्य के दौरान अचानक ऊंचाई से गिर गया। उनके साथ एक अन्य सहकर्मी भगवान दास (47) भी घायल हुआ। आनन-फानन में सहकर्मियों के माध्यम से दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां कमलेश की मृत्यु हो गई।
भगवान दास को खतरे से बाहर बताया जा रहा है। अनपरा प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह एवं रेणुसागर चौकी प्रभारी संजय सिंह ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया।