सोनभद्र में पिचकारी खरीदते युवा। संवाद
- फोटो : संवाद
सोनभद्र/दुद्धी। होली पर्व नजदीक आते ही जिले के बाजार रंग-अबीर और पिचकारियों से सज गए हैं। प्रमुख बाजारों और गली-मोहल्लों में अस्थाई दुकानों से लेकर स्थाई प्रतिष्ठानों तक रंगों की भरमार दिखाई दे रही है।
दुकानों पर तरह-तरह के अबीर, गुलाल, हर्बल रंग, स्प्रे कलर और आधुनिक डिजाइन की पिचकारियां ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं, जिनमें बच्चों की विशेष रुचि देखने को मिल रही है।
इस बार कार्टून और सुपरहीरो आकार की पिचकारियां, टैंक वाली बड़ी पिचकारियां और रंगीन पानी छोड़ने वाली नई किस्में बाजार में उपलब्ध हैं। बच्चे इन्हें देखकर अभिभावकों से खरीदने की जिद कर रहे हैं।
वहीं युवाओं के लिए भी गुलाल के नए पैक और सुगंधित रंग बाजार में उतारे गए हैं। बढ़ती महंगाई का असर भी बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। खाद्य पदार्थों से लेकर दैनिक उपयोग की वस्तुओं तक के दाम बढ़ने से आम लोगों का बजट प्रभावित हुआ है।
इसके बावजूद त्योहार को देखते हुए लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदार चंदन केशरी ने बताया कि बाजार में रौनक तो है, लेकिन बिक्री पिछले वर्षों की तुलना में कुछ कम है।
लोग जरूरत भर ही सामान ले रहे हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि पर्व से एक दिन पहले बिक्री में और तेजी आएगी।