सोनभद्र। परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण और अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई प्रखंड की जांच में चोपन विकास खंड के ग्राम पंचायत खरौधी में विकास कार्य कराने के नाम पर सरकारी धन का दुुरूपयोग करने की पुष्टि हुई है। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने 185715 रुपये वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर प्रधान जफर हुसैन का खाता सीज करते हुए कार्य संचालन के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी है।
बता दें कि 12 अप्रैल 2019 को खरौधी के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ डीएम को शिकायती पत्र सौंपा था। डीएम ने शिकायती पत्र की जांच के लिए परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई प्रखंड को जांच अधिकारी नामित किया था। अधिकारियों ने जांच के दौरान पाया गया कि कई विकास कार्य कराने के नाम पर सरकारी धन में गड़बड़ी की गई है। इस संबंध में ग्राम प्रधान और सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी की गई। लेकिन संतोष जनक जवाब नहीं मिला। जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि 185715 रुपये वित्तीय अनियमितता करने के आरोप में खरौणी के ग्राम प्रधान जफर हुसैन का खाता सीज करते हुए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है। ग्राम पंचायत के कार्य संचालन के लिए गठित टीम में मुसाफिर को अध्यक्ष, रामसूरत और संतरा देवी को सदस्य नामित की गई है। उक्त प्रशासनिक समिति अग्रिम आदेश तक ग्राम पंचायत खरौधी के प्रधान पद के समस्त दायित्वों का निर्वहन करेगी। डीएम ने प्रकरण की अंतिम जांच के लिए जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय को नामित किया गया है।