दुद्धी। प्रदेश सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट कनहर सिंचाई परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। परियोजना के अधिशासी अभियंता विनय कुमार सिंह ने बताया कि सिंचाई परियोजना के बांध में 17 ब्लॉक में 16 फाटक लगाएं जाएंगे।
बांध का निर्माण कार्य दिसंबर 2020 तक पूरा कर लिया जाएगा। बांध का 251 क्रेस लेविल लंबाई तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। बांध की ऊंचाई का निर्माण कार्य अब तक 28 मीटर तक पूरा हो चुका है। कनहर बांध के दाई ओर का हिस्सा पूरी तरह से बांध दिया गया है। बाई ओर के हिस्से को बारिश के पानी को बहने के लिये खुला रखा गया है। परियोजना के जेई राजेश कुमार ने बताया कि बांध में फाटक 17 मीटर का लंबा एक फाटक होगा जिसका निर्माण कार्य इन दिनों तेजी से चल रहा है। अब तक लगने वाले 16 फाटक में से 11 फाटक बन कर तैयार हो चुके हैं। शेष पांच फाटकों का निर्माण चल रहा है। बांध पर फाटक लगाने के लिए ग्राउंड लेविल तैयार किये जा रहा है। जुलाई माह के दूसरे पखवारे में बांध में फाटक लगाने का कार्य किया जाएगा।