दुद्धी। कचहरी परिसर में शनिवार को नूतन वर्ष के आगमन पर दुद्धी बार एसोसिएशन सभागार में बार की ओर से अभिनंदन समारोह आयोजित कर-एक दूसरे को बधाई दी गई। मुख्य अतिथि मुंसफ मजिस्ट्रेट रंजीत जायसवाल ने अधिवक्ताओं को नए वर्ष की शुभकामनाएं दीं। कहा कि जिस तरह वर्ष 2021 में बार व बेंच के बेहतर तालमेल से न्यायिक प्रक्रिया मजबूत हुई और लोगों को आसान न्याय सुलभ हुआ है, पिछले साल की तरह इस साल भी सहयोग बना रहे।
उन्होंने अधिवक्ताओं को नववर्ष की बधाई देते हुए, कार्यशैली की सराहना की। विशेष आमंत्रित अतिथि एडीजे गोपालगंज बिहार वीवी गुप्ता ने कहा कि यह एक बेहतरीन अवसर है कि हम अपने सीनियर व जूनियर सभी अधिवक्ता भाइयों को एक साथ नववर्ष की शुभकामनाएं देने के लिए उपलब्ध हैं। वर्षों बाद यह क्षण देखने को मिला है। एक मजिस्ट्रेट की कार्यशैली का आकलन बार एसोसिएशन ही करता है। हमारी न्यायिक प्रक्रिया कितनी बेहतर है, उसकी समीक्षा व मूल्यांकन बार से बेहतर कोई नही कर सकता। नगर चेयरमैन व अधिवक्ता राजकुमार अग्रहरि, पूर्व अध्यक्ष प्रेमचंद यादव, विजय सिंह, रामपाल जौहरी, कुलभूषण पांडेय, मानोज मिश्रा, पीसी गुप्ता समेत अन्य लोगों ने अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए, सभी को शुभकामनाएं दी और वादकारी हित में सुलभ एवं सस्ता न्याय के लिए कृत संकल्पित हुए। तहसील कर्मचारी अशोक कुमार अग्रहरि को उनकी शालीनता के लिए माल्यार्पण कर अंगवस्त्रम से सम्मानित किया गया। दुद्धी बार अध्यक्ष कैलाश कुमार गुप्ता ने सभी को नववर्ष की बधाई देते हुए, आभार जताया। संचालन पूर्व सचिव आनंद कुमार ने किया। एल्डर कमेटी चेयरमैन अशोक कुमार, अरुणोदय जौहरी, रामनरेश अग्रहरि, विष्णुकांत तिवारी, रामजी पांडेय, राकेश तिवारी, रेणुवंती शाह, शन्नो बानो, पीयूष अग्रहरि आदि मौजूद रहे।