भारत सरकार के संयुक्त सचिव और नीति आयोग के नोडल अधिकारी संतोष यादव ने बृहस्पतिवार को करमा ब्लाक के जोगिनी गांव का निरीक्षण किया। कंपोजिट विद्यालय में पठन-पाठन की स्थिति जांची। चौपाल लगाकर ग्रामीणों की शिकायतें सुनी। पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरुक किया।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त सचिव कंपोजिट विद्यालय में बच्चों के बीच पहुंचे। उनके साथ डेस्क-बेंच पर बैठे। बच्चों की पढ़ाई क्षमता का आंकलन किया। उन्होंने बच्चों से कई सवाल भी पूछे। विद्यालय परिसर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की शिकायतें सुनी। शिक्षा की महत्ता समझाते हुए बच्चों को नियमित स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। कहा कि सरकार बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए तमाम तरह की सुविधा दे रही है। बच्चों को नियमित स्कूल भेजकर उनका भविष्य बेहतर बनाएं। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने अध्यापकों की अनुपस्थिति की भी शिकायत की, जिस पर उन्होंने कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। गांव में भ्रमण पर कैच द रेन के तहत हुए कार्यों को देखा। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास, शौचालय का अवलोकन किया। अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर बीएसए हरिवंश कुमार, बीईओ अरविंद यादव आदि मौजूद रहे।