अनपरा थानाक्षेत्र में जीप व बाईक की टक्कर में घायल मरीज। संवाद
अनपरा। क्षेत्र के अनपरा-मिर्चाधुरी मार्ग पर रविवार की शाम को बाइक सवार को धक्का मारते हुए एक जीप सड़क किनारे पत्थर से टकरा गई। हादसे में जीप और बाइक सवार सात लोग घायल हो गए। इनमें आठ साल का एक बच्चा भी शामिल है। सभी घायलों को डिबुलगंज स्थित संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने तीन लोगों को रेफर कर दिया।
बताते हैं कि अनपरा थाना क्षेत्र के सिल्फोरी निवासी राजेन्द्र प्रजापति (25) पुत्र राममनोहर रणहोर से सवारियों को जीप में बैठाकर रणहोर से अनपरा की ओर आ रहा था। कुबरी ढाल से उतरते समय सामने से तीन-चार की संख्या में बाइक अचानक आ गई। बाइक सवारों को बचाने की कोशिश में जीप अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित जीप की चपेट में सामने से आ रही दूसरी बाइक सवार आ गए। बाइक सवारों को धक्का मारते हुए जीप सड़क किनारे पत्थर से जाकर टकरा गई।
इस घटना में बाइक सवार रामचन्दर (46) पुत्र रामप्रसाद, उसकी पुत्री (14) और सीमा (20), फूलमती (45) पति देवराज, शीला (34)पत्नी रामसेवक, प्रदीप (8) पुत्र रामसेवक और रामसेवक गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची अनपरा थाने की पुलिस ने सभी घायलों को अपने वाहन में बैठाकर डिबुलगंज स्थित संयुक्त चिकित्सालय ले गई। हालत गंभीर होने के कारण डाॅक्टर ने रामचन्दर, खुशी और शीला को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालांकि परिजन घायलों को लेकर बैढ़न चले गए। इस मामले में थाना प्रभारी बृजेश सिंह का कहना है कि घायलों का उपचार चल रहा है। किसी पक्ष से अभी तहरीर नहीं मिली है। जीप और बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद