शक्तिनगर। सिंगरौली में एनसीएल की खदानों से ओवरबर्डन (अधिभार) हटाने का काम कर रही कलिंगा कामर्शियल कार्पोरेशन लिमिटेड के अस्सिटेंट मैनेजर को बंधक बनाकर पिटाई करने का मामला सामने आया है। 30 लाख रुपये रंगदारी मांगने का भी आरोप है। पुलिस ने मप्र निवासी तीन आरोपियों को चोपन से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार कलिंगा कंपनी के सहायक मैनेजर एचआर हेमंत डाकुआ (33) ने बैढ़न कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत की। आरोप है कि आठ नवंबर की दोपहर डेढ़ बजे मोबाइल पर फोन आया कि गुड्डू सिंह बोल रहा हूं।
मैं तुमको कितने दिनों से फोन कर रहा हूं, लेकिन तुम मिलने नहीं आए। उन्होंने तत्काल ट्रामा सेंटर बैढ़न के सामने एक लाख रूपये लेकर आने के लिए बोला। करीब 15-20 मिनट के बाद भुनेश्वर दुबे कंपनी के बोलेरो में सवार होकर ट्रामा सेंटर के सामने बैढ़न पहुंचा तो, वहां पर अंकित और डब्बू सिंह मिल गये।
जहां दोनों को एनसीएल बाउंड्री के किनारे बने एक छोटे से मकान में ले गए। वहां पर गुड्डू सिंह निवासी भरूहा (एमपी) व उनका गनमैन नागेश मिश्रा मिले। अंकित ने पूछा कि हेमंत कौन है, फिर मैने अपना परिचय दिया तो गालियां देते हुए कहा कि मुझे कथा करानी है, तुम दोनों 20 से 30 लाख रुपये दो। मना करने पर कहा कि पूरी कंपनी के वाहनों के साथ तुम्हे भी जला दूंगा। आरोपियों ने मोबाइल छिनते हुए बेरहमी से मारपीट किया। सूचना पर पुलिस सभी को थाने लेकर पहुंची। मामले में आरोपी गुड्डू सिंह, डब्बू सिंह, अंकित नागेश मिश्रा के खिलाफ केस दर्ज कर किया गया था। रविवार को चोपन से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। संवाद