सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कचहरी परिसर में शुक्रवार को आयोजित डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के शपथग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि यूपी बार काउंसिल के चेयरमैन हरिशंकर सिंह एडवोकेट ने कहा कि हम कहलाने को तो ऑफिसर ऑफ द कोर्ट हैं। लेकिन बैठने के लिए मड़ई और टिन शेड ही नसीब है। उन्होंने डीबीए को ई-लाइब्रेरी देने की घोषणा की।
विशिष्ट अतिथि जिला जज प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बार-बेंच का सामंजस्य जरूरी है। जिला न्यायालय के लिए जहाँ भी भूमि मिले उसे सभी को स्वीकार करने की जरूरत है तभी निर्माण संभव है। इसके अलावा वकील प्रस्ताव से बचें ताकि वादों का समय से निस्तारण हो सके। विशिष्ट अतिथि यूपी बार काउंसिल के सदस्य पीआर मौर्य एडवोकेट ने कहा कि कर्नाटक की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी अधिवक्ताओं को कार्य करने की जरूरत है। एडीजे नेत्रपाल सिंह ने कहा कि अधिवक्ता रोल तैयार किया जा रहा है, जिससे प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं की जानकारी नेट पर कहीं से भी ली जा सके। इसी प्रकार से मुंशी का भी रोल बनेगा। इसके अलावा वाहन पास भी बनेगा। यह तभी संभव है जब अधिवक्ता सहयोग करेंगे। यह सुरक्षा के मद्देनजर व्यवस्था बनाई जा रही है। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही बार से भी सहयोग बनाने की अपील की। डीबीए के पूर्व अध्यक्ष सुधाकर मिश्र एडवोकेट ने कहा कि जिला न्यायालय का निर्माण वर्तमान कैम्पस में ही कराया जाए, क्योंकि वीडियो कांफ्रेंसिंग भवन, कम्प्यूटर कक्ष, सीसीटीवी कैमरा, अधिवक्ता भवन, एडीआर भवन, विद्युत सबस्टेशन आदि व्यवस्था हो चुकी है। अरुण प्रताप सिंह, ओमप्रकाश रॉय, सी शशांक शेखर कात्यायन, हीरालाल पटेल, प्रभाकर श्रीवास्तव, रामप्यारे सिंह, श्यामबिहारी, मार्तण्ड प्रसाद मिश्र, दयाराम यादव ने भी अपना विचार व्यक्त किया। इसके पूर्व माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
मुख्य अतिथि यूपी बार काउंसिल के चेयरमैन हरिशंकर सिंह ने डीबीए के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजबहादुर सिंह एडवोकेट को शपथ दिलाई। पीआर मौर्य ने डीबीए महामंत्री सुरेश कुमार मौर्य समेत अन्य सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई। एल्डर कमेटी के चेयरमैन ओमप्रकाश सिंह एवं मुख्य चुनाव अधिकारी प्रदीप कुमार मौर्य ने सभी पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र वितरित किया। निवर्तमान अध्यक्ष रामजन्म सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। एडीजे प्रथम संतोष कुमार गौतम, फैमिली कोर्ट न्यायाधीश अशोक कुमार,एडीजे सुनील सिंह, सिविल जज सीनियर डिवीजन महेंद्र कुमार, राजा क्रांति ब्रम्ह शाह, ओमप्रकाश पाठक, विनोद कुमार चौबे, एसबीए अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार पांडेय, अशोक जालान, जगजीवन सिंह, प्रेम प्रताप विश्वकर्मा, संजीव मिश्र, अतुल पटेल, धनन्जय मौर्या, रामजियावन यादव, संतोष दुबे, बिंदु यादव, मांडवी सिंह, सुधा सिंह, रोशन लाल यादव, आरएस चौधरी, अरुण पांडेय, असलम सिद्धिकी, शारदा प्रसाद मौर्य, महेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।